नामदेव समाज ने बीमारी से जूझ रहे परिवार के लिए बढ़ाया सहयोग का हाथ

Like 0 Views 104
Rajat Chipa (Bhopal) 15-07-2026 Regional

भोपाल/गाडरवारा(शिवरतन नामदेव)|नामदेव समाज विकास परिषद,मध्यप्रदेश (पंजीयन क्रमांक 3315/73) की प्रथम प्रांतीय बैठक के अवसर पर संत नामदेव सामुदायिक भवन में सेवा, करुणा एवं सामाजिक उत्तरदायित्व का प्रेरणादायी उदाहरण देखने को मिला। बैठक के दौरान समाज के पदाधिकारियों एवं समाजबंधुओं ने यह सिद्ध किया कि मानव सेवा ही सच्चा धर्म है।

प्रांतीय मीडिया प्रभारी शिवरतन नामदेव ने बताया कि श्री राम कुमार नामदेव, निवासी पलोहा बड़ा, गाडरवारा,जिला नरसिंहपुर, पिछले लगभग 15 माह से दोनों किडनियों की गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं तथा पिछले 6 माह से नियमित डायलिसिस पर हैं। चिकित्सकों के अनुसार अब उनका किडनी प्रत्यारोपण (ट्रांसप्लांट)आवश्यक है।

इस सेवा कार्य का सबसे प्रेरणादायी पक्ष यह है कि उनकी धर्मपत्नी श्रीमती रानी नामदेव अपने पति को नया जीवन देने के लिए अपनी एक किडनी दान करने का संकल्प लेकर आगे आई हैं। प्रत्यारोपण की प्रक्रिया एम्स में आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत होगी किंतु शल्यक्रिया के बाद लगभग आठ माह तक नियमित उपचार एवं आवश्यक दवाइयों पर लगभग ₹50,000 प्रतिमाह का व्यय होगा।

श्री राम कुमार नामदेव पूर्व में सिलाई कार्य कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे,लेकिन लंबे समय से बीमारी के कारण वे कार्य करने में असमर्थ हैं। परिवार में दो बेटियाँ एवं एक पुत्र है। बड़ी पुत्री विवाह योग्य है। ऐसे कठिन समय में परिवार आर्थिक एवं मानसिक चुनौतियों का सामना कर रहा है।

इस मार्मिक परिस्थिति को देखते हुए समाज के अनेक दानदाताओं एवं पदाधिकारियों ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार आर्थिक सहयोग प्रदान कर परिवार का मनोबल बढ़ाया। श्री संत नामदेव मानव सेवा समिति ने तत्काल ₹11,000 की सहयोग राशि प्रदान कर सेवा एवं सामाजिक उत्तरदायित्व का अनुकरणीय परिचय दिया। इसके साथ ही कार्यकारिणी सदस्य राजेंद्र बघेल नामदेव एवं विभागीय सचिव प्रमोद बघेल नामदेव परिवार गाडरवारा ने एक माह की आवश्यक दवाइयों की व्यवस्था करने की घोषणा की।

सहयोगकर्ताओं में वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. राजेंद्र नामदेव (खिलचीपुर) द्वारा ₹11,000, मुख्य संरक्षक मुकेश नामदेव (इंदौर) ₹5,100, कार्यकारी अध्यक्ष संजय नामदेव (छतरपुर) ₹5,100, प्रांतीय सलाहकार विजय जानोरिया भोपाल, ₹5,100, संरक्षक एम.एल. नामदेव भोपाल ₹5,100, सुरेश नामदेव ₹5,100, जितेंद्र नामदेव (गंजबासौदा समिति) ₹5,000, वरिष्ठ उपाध्यक्ष दीपक नामदेव (बिल्डकॉन, लालघाटी) ₹5,100, उप महामंत्री शिवानंद अखोटिया ₹2,100, संरक्षक साधु प्रसाद नामदेव इंदौर ₹2,000, प्रदेश महामंत्री सुभाष चंद्र वर्मा इंदौर ₹1,100, संगठन मंत्री राकेश सरवरिया (छिंदवाड़ा) ₹1,100, उपकोषाध्यक्ष हरिशंकर नामदेव भोपाल ₹1,100, संयोजक चंद्रकांति नामदेव (गंजबासौदा) ₹1,100, विभागीय सचिव बृजेश नामदेव ₹1,100, संगठन मंत्री डॉ. योगेंद्र नारायण तकझरे ₹1,100 सहित विभागीय सचिव रमेश राठिया, कार्यकारी सदस्य सुशील नामदेव (शहडोल), प्रांतीय मीडिया प्रभारी शिवरतन नामदेव (भोपाल) तथा अन्य समाजबंधुओं एवं पदाधिकारियों ने भी सहयोग प्रदान किया।

इस अवसर पर ₹42,200 नगद एवं ₹34,602 ऑनलाइन, कुल ₹76,802 की सहयोग राशि एकत्रित हुई।

नामदेव समाज विकास परिषद ने सभी सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सहयोग केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, संवेदनशीलता और मानवीय मूल्यों का प्रेरणादायी उदाहरण है। परिषद ने भगवान से प्रार्थना की कि श्री राम कुमार नामदेव का किडनी प्रत्यारोपण सफल हो, वे शीघ्र पूर्ण स्वस्थ हों तथा उनका परिवार सुख, साहस और समृद्धि प्राप्त करे।

प्रादेशिक

सम्पादकीय