तिंदवारा हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा, महिला और उसके मामा गिरफ्तार
Rajat Chipa (Neemuch) 04-07-2026 Regional
बांदा/उत्तरप्रदेश(प्रेम भैया नामदेव)|थाना कोतवाली नगर पुलिस ने ग्राम तिंदवारा में बुजुर्ग संत सच्चिदानंद महाराज की हत्या के मामले का सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मृतक के साथ रह रही महिला रोशनी तथा उसके मामा रामविशाल को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 20/21 जून 2026 की रात तिंदवारा स्थित मंदिर की छत पर सो रहे सच्चिदानंद महाराज पर डंडे से हमला किया गया था। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई थी। मामले में पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का गहन निरीक्षण कर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए तथा संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर घटना का खुलासा किया।
जांच में सामने आया कि कुछ महीनों से मृतक के साथ रह रही रोशनी के मामा रामविशाल ने आपसी विवाद के चलते डंडे से हमला किया था। वहीं, घटना की जानकारी होने के बावजूद रोशनी ने अपने मामा को बचाने के उद्देश्य से पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त डंडा भी बरामद कर लिया है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश कर दिया है। मामले की आगे की विवेचना जारी है।

1
22


